दौराला रोड स्थित सपा विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष सैय्यद मुमताज अली के प्रतिष्ठान पर सोमवार शाम सपा नेता अतुल प्रधान ने छेड़छाड़ के विरोध में छात्रा को जिंदा जलाने के मामले में प्रेसवार्ता की। उन्होंने गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को न्याय दिलाने की शासन-प्रशासन से मांग की। वहीं, आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई करने एवं पीड़ित परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने की मांग की। वहीं इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बातचीत करने और उनके द्वारा दिए निर्देश की जानकारी दी। बताया कि पार्टी संगठन पीड़ित परिवार की मदद करेगा। उन्होंने कहा कि सूबे में जंगलराज है। छात्रा के केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिये। उन्होंने भाजपा विधायक, सांसद व अन्य भाजपाइयों पर भी निशाना साधा। यहां सैय्यद मुमताज अली, पूर्व चैयरमेन निजाम अंसारी, शाहवेज, अतीक अहमद, अनिल सिरोही, चीनू खेडृा, सोमबीर दौलतपुर, शहंशाह जफर, मंजूर मलिक, ललित गुर्जर आदि शामिल रहे।
पीड़ित को न्याय दिलाने में कसर नहीं छोडे़ंगे
मैं ही नहीं पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ है। सभी की संवेदना अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही छात्रा के साथ है। जिस समय घटना की सूचना मिली तभी से पार्टी कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं। मैं भी खुद उनके संपर्क में हूं। रविवार को छात्रा को अस्पताल देखने गए थे। वहां कुछ आर्थिक मदद की और अस्पताल में उपचार के दौरान हुए खर्च का बिल कम कराया। हालत गंभीर होने पर सोमवार को छात्रा को दिल्ली रेफर कराया। जिन लोगों को इस मामले में राजनीति करनी है वे करें। वह पीड़ित को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोडे़ंगे। साथ ही निर्दोषों का उत्पीड़न नहीं होने देंगे। छात्रा के परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। -संगीत सोम, विधायक सरधना
भाजपा विधायक पर बरसे
जिला पंचायत सदस्य पति एवं सपा नेता ठा विनोद कालंदी ने मंच से माइक संभाला और भाजपा विधायक और कार्यकर्ताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस प्रकरण में भाजपा विधायक संगीत सोम व अन्य पार्टी के नेताओं के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
इस मामले में पुलिस-प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, किसी भी पार्टी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। पीड़ित परिवार की मदद के लिए लोगों को आगे आएं।
-अजय सोम, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपूत उत्थान सभा
कुशवाहा चौबीसी पीड़ित परिवार के साथ है। पीड़ित परिवार को तीस लाख रुपये की आर्थिक मदद तत्काल दी जाए। वहीं, दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जाए। पीड़ित को न्याय दिलाने में कुशवाह चौबीसी पीछे नहीं हटेगी।
-नरेश कुशवाह, अध्यक्ष कुशवाहा चौबीसी
छात्रा की हालत गंभीर हैं। आरोपियों पर ठोस कार्रवाई की जा रही हैं। पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी लगे हैं। इस मामले में पुलिस ने कोई लापरवाही नहीं की। पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है।
-राजेश कुमार पांडेय, एसएसपी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/