लाॅकडाउन के दौरान सहारनपुर के बड़गांव में दो पक्षों के बीच जमीन के विवाद में एक पक्ष के दो मृतकों पर ही एफआईआर दर्ज कर खाकी की फजीहत कराने वाले दरोगा छुट्टी पर चले गए हैं। शुरूआती जांच के बाद सीओ स्पष्टीकरण और बयान लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं। वहीं, एसएसपी का कहना है कि मामला संज्ञान में है और इसमें कार्रवाई जरूर होगी।
दरअसल, गांव टपरी में वर्ष 1996 से बूलचंद और हरदेवा पक्ष के बीच जमीन का विवाद चला आ रहा है। लॉकडाउन के दौरान पिछले माह ही दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट होने पर हल्के के दरोगा जयप्रकाश भास्कर ने एक पक्ष के सतीश, विजयपाल, मिलाप, ओमपाल, देवी सिंह सहित पांच लोगों पर आईपीसी की धारा 188 सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।