फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायत में लगे ठुमके, उड़े नोट

Mon, 28 Sep 2015 02:22 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
खरखौदा क्षेत्र के गांव धनौटा में रविवार को आयोजित सद्भावना महापंचायत में नृतकियों ने ठुमके लगाए। इतना ही नहीं, जमकर नोट उड़ाए गए। यह उस सूरत में हुआ जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का पालन कराना जरूरी है। यह पंचायत भी तीन वार्डाें के चुनाव को लेकर ही आयोजित की गई थी। एसडीएम पूरे प्रकरण की जांच करने की बात कह रहे हैं।
विज्ञापन


पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र गुर्जर ने रविवार को धनौटा गांव में जिला पंचायत चुनाव को लेकर वार्ड 21, 22 व 23 के लिए सद्भावना महापंचायत का आयोजन किया था। दरअसल, इस चुनाव में बसपा के वर्तमान जिला पंचायत सदस्य बाबूराम जाटव को इस बार बसपा ने समर्थन नहीं किया है और वार्ड 23 से योगेश को समर्थन दे दिया है। ऐसे में वे वार्ड 23 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर ताल ठोंकने वाले हैं।

वार्ड 22 से रविन्द्र गुर्जर खुद तैयारी कर रहे हैं तो वार्ड 21 से कुसुम को चुनाव लड़ाने की बात कही जा रही है। यह पंचायत इन तीनों को ही बतौर उम्मीदवार पेश करने की कवायद थी। हालांकि नीले रंग का होर्डिंग इस तरह से लगाया गया था कि वह बसपा की ही पंचायत लग रही  थी।
विज्ञापन


पंचायत जैसे ही शुरू हुई तो अचानक मंच पर नृतकियाें ने धमाल मचाना शुरू कर दिया। जमकर ठुमके लगे और साथ में दर्शक भी झूमे। नृतकियों पर जमकर नोट उड़ाए गए। हालांकि  कुछ लोगों ने कहा कि आचार संहिता लगी है और यह ठीक नहीं तो इस नृत्य को बंद कराया गया। इस पूरे प्रकरण पर एसडीएम रवीश गुप्ता ने जांच कराने की बात कही है।

कहा है कि चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है। आचार संहिता लागू है। देखा जाएगा कि वहां क्या हुआ और इस पर क्या एक्शन लिया जा सकता है। उधर, बसपा जिलाध्यक्ष अश्वनी जाटव के मुताबिक बसपा का इस कार्यक्रम से कोई लेना-देना नहीं था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें