उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक कालेज में शिक्षिका ने क्लास रूम में एक दलित छात्र के हाथ से डॉ. आंबेडकर की तस्वीर वाला कड़ा उतरवा दिया। जिस पर दलित समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख मैनेजमेंट कमेटी की मौजूदगी में प्रधानाचार्य व शिक्षिका ने माफी मांगी। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
देवबंद में गांव चंदेनाकोली के श्री गांधी वैदिक इंटर कॉलेज में सोमवार को एक शिक्षिका ने दलित छात्र द्वारा हाथ में पहना बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर के लॉकेट वाला कड़ा उतरवा दिया था। छात्र ने यह बात अपने घर जाकर बताई। जिस पर दर्जन भर से अधिक लोग कॉलेज पहुंचे और हंगामा करने लगे, लेकिन प्रधानाचार्य समेत अन्य लोगों ने उन्हें समझाकर मामला शांत करा दिया था। मंगलवार को फिर से बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग एकत्र होकर कॉलेज पहुंचे और हंगामा करने लगे। मामला बढ़ता देख प्रधानाचार्य ओमनाथ ने पुलिस बुला ली, साथ ही कॉलेज मैनेजमेंट कमेटी को भी इसकी सूचना दी।