डकैती की घटना को संदिग्ध बता रही पुलिस
मेरठ। शास्त्री नगर में डकैती के मामले में पुलिस को कोई भी सुराग नहीं मिला हैं। पुलिस का दावा है कि सभी बिंदुओं पर जांच कर ली। जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि घटना संदिग्ध है।
शास्त्री नगर में सराफा व्यापारी तेजपाल सिंह वर्मा के घर में 15 दिन पहले डकैती की वारदात हुई थी। पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर लूटा हुआ सामान बरामद और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर चुका है। इसके बावजूद भी पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। बदमाशों की गिरफ्तारी दूर की बात है, पुलिस यह तक पता नहीं लगा पाई कि बदमाश घर में कहां से घुसे व किधर को भागे।
इस घटना में नौचंदी थाना पुलिस क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीम भी लगी हुई है। पुलिस का दावा कि घटना में ऐसा कहीं भी कोई प्रमाण नहीं मिला, जिससे साबित हो कि बदमाशों ने घटना की है और 40 लाख रुपये का सामान ले गए हैं। अब घटना को पुलिस संदिग्ध मानकर चल रही है। हालांकि एसपी सिटी डॉ अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि पुलिस कि जांच अभी बंद नहीं हुई है। जल्द खुलासा करेंगे। ब्यूरो