संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों में माइनर से गंदा पानी और गोबर के ओवरफ्लो से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। समस्या का मुख्य स्रोत आसपास की डेयरियां बताई जा रही हैं, जो बिना वैकल्पिक निकासी व्यवस्था के वर्षों से माइनर में गंदा पानी और गोबर छोड़ रही हैं।
नवाबगढ़ी से नंगला सड़क, अंसार नगर, तहसील सड़क, गोमती नगर और दौराला सड़क तक बहने वाले गंदे पानी से सरधना माइनर पूरी तरह चोक हो चुका है। माइनर से ओवरफ्लो होकर खेतों में पानी भरने से गन्ना, गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसलें तबाह हो गई हैं। साथ ही पानी और गोबर की दुर्गंध फैलने से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। किसान मलखान सिंह सैनी, महेंद्र सिंह, कैलाशचंद, संजय कुमार, सुभाष सोम और मनीष कुमार के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि मामले की पूरी जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में प्रमुख सचिव ने भी संज्ञान लिया है और एसडीएम को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। साथ ही माइनर की सफाई और स्थायी निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो वह सड़क पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। यदि प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए तो फसल और भूमि दोनों को भारी नुकसान होगा।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के साथ माइनर की सफाई और स्थायी निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।