मेरठ में रजबन क्षेत्र में चार डेयरियों के धवस्तीकरण के बाद सोमवार को कैंट बोर्ड टीम दूसरी डेयरियों पर कार्रवाई कर सकती है। सभी डेयरी संचालकों को शनिवार को मुनादी करके इस संबंध में जानकारी दे दी गई थी।
अगर किसी ने विरोध किया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। हाईकोर्ट के निर्देश पर कैंट बोर्ड क्षेत्र में स्थित 113 डेयरियों को अवैध घोषित कर चुका है। इन सभी डेयरी संचालकों को एक साल से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
कैंट बोर्ड की बैठक कल
कैंट बोर्ड की बैठक तीन सितंबर को सुबह 11 बजे बुलाई गई है। कैंट में लग रहे मोबाइल टावर की जमीन की लीज को लेकर राशि तय की जाएगी। टोल टैक्स में बढ़ोतरी पर भी बात हो सकती है। सबसे अहम मुद्दा पिछले साल हुए 600 से अधिक अवैध निर्माण हैं। इन मामलों को पिछली बोर्ड बैठक में रखा जाना था, लेकिन इन पर बात नहीं हो पाई थी।
15 को संशोधित वोटर लिस्ट का प्रकाशन
कैंट क्षेत्र में अगले साल होने वाले चुनाव के लिए वोटर लिस्ट में संशोधन की कार्रवाई चल रही है। वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़ने और कुछ हटाने के लिए आपत्तियां और दावे मांगे गए थे। दो हजार वोट पर दावे और आपत्तियां लगाई गई थीं। इनकी सुनवाई का काम पूरा हो चुका है। 15 सितंबर को मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन होगा।