स्वास्थ्य विभाग द्वारा वायलर के मरीजों की संख्या कम होने के दावों में दम नजर नहीं आ रहा। रोज बुखार और चिकनगुनिया के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को डेंगू के सात और चिकनगुनिया के 32 नए मामले दर्ज किए गए।
बारिश के बाद भी वायरल का असर कम होता नहीं दिखाई दे रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि बारिश के बाद अचानक से गर्मी होने से मरीजों की संख्या में ओर बढ़ोत्तरी होगी। ऐसे मौसम में एडिस एजिप्टी मच्छर से पनपने की संभावना कहीं ज्यादा बढ़ जाती है। मौसम सेहत पर किस व्यापक पैमाने पर असर पड़ रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि डेंगू व चिकनगुनिया से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी रिपोर्ट में शुक्रवार को 39 नए मामले दर्ज किए गए। मेडिकल कॉलेज के माइक्रो बायोलॉजी विभाग की तरफ से जारी रिपोर्ट में डेंगू के सात और चिकनगुनिया के 32 नए मामलों की पुष्टि हुई है। जिसके बाद जिले में डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़कर 116 हो गई है तो वहीं चिकनगुनिया से पीड़ित मरीजों की संख्या 372 तक पहुंच गई है। मेडिकल कॉलेज की वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. योगिता सिंह का कहना है कि मौजूदा मौसम सेहत के लिए बेहद नाजुक है। इसलिए खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वायरल या फिर डेंगू से बचने केे लिए अधिक मात्रा में पेय पदार्थों का सेवन करते रहे। एक समय में भरपेट भोजन न करें। क्योंकि उससे पाचन शक्ति प्रभावित होगी।
स्वास्थ्य विभाग के कैंपों का हाल
शहरी क्षेत्र - 16 कैंप
मरीज आए - 1123
बुखार के मरीज - 189
खून की स्लाइड बनाई - 92
ग्रामीण क्षेत्र - 18 कैंप
मरीज आये - 1633
बुखार के मरीज - 269
खून की स्लाइड बनाई - 231