डाक विभाग द्वारा निकाली गई ग्रामीण डाक सेवकों की भर्ती के लिए युवाओं में क्रेज है। जनपद में रिक्त 100 पदों के लिए बड़ी संख्या में युवक आवेदन कर रहे हैं। सोमवार को फीस जमा करने वालों की डाकघर में लंबी कतार लगी रही।
डाक विभाग ने ग्रामीण इलाकों में डाक सेवा दुरुस्त करने को ग्रामीण डाक सेवकों की नियुक्ति निकाली हुई है। कैंट डाकघर के सीनियर पोस्ट मास्टर के अनुसार यूपी में कुल 5300 पदों पर नियुक्ति होनी है। मेरठ जिले में 100 पद हैं। हाईस्कूल पास युवक आवेदन कर सकते हैं। हाईस्कूल की मेरिट के आधार पर इनका चयन होना है। एक व्यक्ति 100 रुपये शुल्क में पांच जिलों से ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
29 नवंबर की अंतिम तिथि नजदीक आते ही आवेदन करने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। सोमवार को कैंट डाकघर में फीस जमा कराने वालों की जबर्दस्त भीड़ रही। एसपीओ ने बताया कि अंतिम तिथि के बाद ही पता चलेगा कि जिले से कितने लोगों ने आवेदन किया है। ग्रामीण डाक सेवक को दिन में केवल चार-पांच घंटे ही काम करना होता है और इसके लिए करीब 9 हजार रुपये मानदेय है।