बहसूमा। मवाना-बहसूमा मार्ग पर स्थित किसान श्यामलाल शर्मा के खेत के पास बृहस्पतिवार शाम बस ने साइकिल सवार मोड खुर्द निवासी सोनू को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल को एंबुलेंस से हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भिजवाया। गंभीर हालत होने पर मेरठ रेफर कर दिया। हादसे के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया मोड खुर्द निवासी सोनू साइकिल पर सवार होकर मवाना की तरफ से घर लौट रहा था। रास्ते में मुख्य मार्ग पर स्थित किसान श्यामलाल के खेत के पास बाइक की साइड लगने से सामने आ रही बस के पहिए की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि साइकिल सवार को बस ने करीब 10 मीटर तक घसीटा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस मौके पर छोड़कर भाग गया। बस में सवार यात्री पैदल ही गंतव्य की ओर रवाना हुए। हादसे के बाद पुलिस ने बस कब्जे में ले ली।