शामली। साइबर ठग ने युवक से भाई बनकर ऑन लाइन एक लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ठगी गई रकम में से 99200 रुपये उसके खाते में वापस कराए।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव दथेड़ा निवासी रामवीर से साइबर ठग ने उसका भाई बनकर यूपीआई के माध्यम से 21 फरवरी को एक लाख रुपये ठग लिए थे। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत झिंझाना थाना पुलिस से की थी। थाने पर संचालित साइबर सेल ने खाते से ट्रांसफर हुए बैंक में संपर्क कर रकम को होल्ड कर दिया था। इसके बाद पीड़ित के खाते में 99200 रुपये वापस करा दिए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।