मेरठ। स्पा सेंटर की आड़ में चल रही जिस्मफरोशी के मामले में नौचंदी पुलिस ने पकड़े गए एक ग्राहक शाहरुख निवासी गुलावटी बुलंदशहर को जेल भेज दिया है। शाहरुख को पुलिस ने नंदनी प्लाजा में चल रहे मेरठ स्किन स्पा से पकड़ा था। वहीं चारों स्पा सेंटरों की संचालिकाओं को जमानत पर थाने से ही छोड़ दिया गया है। इससे पहले मंगलवार को ही स्पा सेंटर में मिली 16 युवतियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया था।
दरअसल मंगलवार को पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे स्पा सेंटरों में दबिश दी थी। पुलिस ने मंगलपांडे नगर स्थित रोज वाटर स्पा सेंटर और एवन स्पा सेंटर के साथ ही गढ़ रोड नंदनी प्लाजा में मेरठ स्किन और दिल्ली रोड स्थित शाप्रिक्स मॉल में युवा फैमिली सैलून में छापा मारा था। पुलिस ने चारों सेंटरों से कुल 20 युवतियों-महिलाओं और एक युवक को हिरासत में था। इनमें से 16 युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था वहीं एवन स्पा सेंटर की संचालिका तबस्सुम, रोज वाटर स्पा सेंटर की संचालिका पूजा शर्मा, मेरठ स्किन की संचालिका साइस्ता निकत और युवा फैमिली सैलून की संचालिका आयशा खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इनके पास स्पा सेंटर संचालन के लिए कोई भी वैध दस्तावेज नहीं थे। अनाधिकृत रूप से चल रहे इन सेंटरों के भीतर देह व्यापार कराया जा रहा था। बुधवार को पुलिस ने शाहरुख को जेल भेज दिया वहीं चारों स्पा सेंटरों की संचालिकाओं को थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि रजिस्टर में जिनके नाम मिले है उनके बारे में जानकारी की जा रही है। जांच में सामने आया है कि युवतियां दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से मेरठ आकर यह गलत काम करती थीं।