अम्हैड़ा गांव में बृहस्पतिवार शाम घर के बाहर खेल रहे छह वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
अम्हैड़ा गांव में सूखे तालाब के पास चांद अपने परिवार के साथ रहता है। वह चिनाई ठेकेदारी का काम करता है। चांद ने बताया कि शाम को उसका छह वर्षीय बेटा आसिफ घर के बाहर अकेला ही बॉल से खेल रहा था। इस दौरान बॉल ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गई। वह बॉल उठाने पहुंचा तो वहां अर्थ के तार की चपेट आ गया। ग्रामीणों ने उसे जैसे तैसे तार से हटाया। परिजन उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने आसिफ को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बच्चे का शव अम्हैड़ा- मामेपुर मार्ग पर रखकर विद्युत विभाग के खिलाफ हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। परिजनों ने पुलिस से विद्युत कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर आर्थिक सहायता की मांग की। परिजनों ने किसी तहरीर नहीं दी है। वहीं परिजनों ने बताया कि चांद की बड़ी बेटी आसिया, उससे छोटा बेटा और फिर बेटी अलीजा है। वह ईशापुरम स्थित विनोवा स्कूल में कक्षा एक का छात्र था।