जैन बोर्डिंग हाउस में आचार्य का मंगल विहार, जगह जगह हुआ भव्य स्वागत
-10 से 12 अक्टूबर तक तीरगरान मंदिर में होगी वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव व जिनबिंब स्थापना
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
आचार्य सौरभ सागर का वर्षायोग श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। सोमवार को सुबह छह बजे गुरु भक्ति, दोपहर तीन बजे शंका समाधान और शाम 6:30 बजे गुरु भक्ति में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आचार्य की चरण वंदना कर आशीर्वाद लिया।
सुबह आचार्य महावीर जयंती भवन शारदा रोड से जैन बोर्डिंग हाउस रेलवे रोड के लिए मंगल विहार किया। शारदा रोड, दिल्ली गेट चोपला, मेट्रो प्लाजा, दिल्ली रोड, रेलवे रोड चौराहा और रेलवे रोड होते हुए जैन बोर्डिंग हाउस पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत कर मंगल आरती की।
जैन बोर्डिंग हाउस में प्रवचन करते हुए आचार्य सौरभ सागर ने कहा कि इस दुनिया में मनुष्य का अपना क्या है। वह क्या लेकर आया था और क्या लेकर जाएगा। संपत्ति, संबंध और शरीर को अपना मानना भी भ्रम है। यहां तक कि मनुष्य की एक सांस भी उसकी अपनी नहीं है फिर किस बात का अहंकार।
पुष्प वर्षा योग समिति महानगर के चेयरमैन सुरेश जैन रितुराज ने बताया कि आचार्य के पावन सानिध्य में 10 से 12 अक्टूबर तक दिगंबर जैन मंदिर तीरगरान में महावीर भगवान के जिनालय की वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव, जिनबिंब स्थापना और आचार्य द्वारा रचित मंशापूर्ण महावीर विधान का आयोजन होगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम में सुरेंद्र कुमार जैन, अनिल जैन, प्रेम चंद जैन, रितेश जैन, संजय जैन प्रमोद जैन, विजय जैन, राकेश जैन धीरज, अनिल जैन रहे।