खरखौदा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को ब्लॉक के कैली और बिजौली गांव में नमो सेवा-अनसुनी कहानियां कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, समाजसेवा और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। नाटक के जरिए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्य पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के दौरान विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य और उनके माध्यम से जरूरतमंदों को मिलने वाली सुविधाओं को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। पूर्व विधायक सतवीर त्यागी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ऋषि त्यागी, मंडल अध्यक्ष मुनेंद्र मावी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश्वर छतरी, जिला संयोजक अनिल चपराना और कार्यक्रम संयोजक बाबूराम जाटव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।