हादसे में घायल सीआरपीएफ का जवान
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा की सुरक्षा में शामिल सीआरपीएफ के जवानों की स्कार्पियो मेरठ-करनाल हाईवे पर साइकिल सवार युवक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सीआरपीएफ के सात जवान मामूली घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिये शामली के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
पढ़ें : ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, दो महिलाओं की मौत, ड्राइवर सहित पांच घायल
प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। शनिवार शाम को जेड श्रेणी सुरक्षा में शामिल सीआरपीएफ के जवान स्कार्पियो से मेरठ जा रहे थे। मेरठ से गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा को शामली लाना था। मेरठ-करनाल हाइवे पर लांक ईंट भट्ठे के पास स्कार्पियो साइकिल सवार युवक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस दौरान स्कार्पियो की चपेट में आने की वजह से साइकिल सवार नानू पुत्र बारू निवासी करौदा महाजन भी घायल हो गया, जबकि स्कार्पियो में सवार एएसआई लाल जी, एचसी बीपी गौतम, कांस्टेबल हेमंत कुमार, गौरी शंकर, रूप सिंह, रामजी लाल मीणा और चालक एचसी रतन सिंह मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर शामली कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से शामली स्थित प्राइवेट अस्पताल लाया गया। वहां से उपचार कराने के बाद उन्हें प्राइवेट कार से मेरठ भेज दिया गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/