मेरठ। जोधपुर में सीआरपीएफ के कमांड स्टेशन में तैनात इंस्पेक्टर संदीप गिरि ने शुक्रवार रात अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार को परिजन शव मेरठ लेकर आ गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की और परतापुर थाने के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। कई वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी का प्रयास किया।
परतापुर थाना क्षेत्र के रिझानी गांव निवासी संदीप गिरि सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर थे। फिलहाल उनकी पोस्टिंग राजस्थान में जोधपुर जिले के कारवाड़ पुलिस स्टेशन अंतर्गत पलड़ी खिचियान गांव स्थित सीआरपीएफ के कमांड स्टेशन पर थी। शुक्रवार रात करीब नौ बजे उन्होंने कमांड स्टेशन स्थित क्वार्टर में पंखे से लटकर जान दे दी। सीआरपीएफ ने रात में ही परिजनों को सूचना दे दी। परिजन रात में जोधपुर पहुंच गए। शनिवार को सीआरपीएफ के विशेष वाहन से शव को रिझानी स्थित आवास पर लाया गया। अंतिम संस्कार से पहले परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा होकर परतापुर थाने पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की। गुस्साए ग्रामीणों ने परतापुर थाने के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान दिल्ली से मेरठ की तरफ आ रही कार, डीसीएम और एक बाइक सहित कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को जैसे-तैसे समझाया। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।