- रंग-गुलाल और पिचकारियों की जमकर खरीदारी
- बाजारों में रंग, गुलाल और पिचकारी की दुकानों पर लगी रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दुल्हैंडी से एक दिन पहले मंगलवार को नगर के बाजारों में होली को लेकर जबरदस्त रौनक देखने को मिली। रंग और गुलाल के पर्व के नजदीक आते ही बाजार पूरी तरह होली के रंग में रंग गए। रंग, गुलाल, पिचकारी, कचरी और पापड़ की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की।
हालांकि बाजारों में होली की तैयारी एक सप्ताह पहले से ही शुरू हो गई थी, लेकिन त्योहार नजदीक आते ही खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली। बाजार देर रात तक गुलजार रहे। लोगों का मानना है कि त्योहार के ठीक एक दिन पहले सामान के दाम बढ़ जाते हैं इसलिए पहले ही खरीदारी कर लेना बेहतर रहता है। सबसे अधिक खरीदारी खाद्य वस्तुओं की हो रही है। इनमें तेल, घी के साथ-साथ पापड़, चिप्स, कचरी, दालमोठ, नमकीन और बिस्कुट आदि शामिल हैं, जिनका उपयोग होली पर घर आने वाले मेहमानों के सत्कार में किया जाता है।
नगर के प्रमुख बाजारों गंज बाजार, बुध बाजार, रामलीला मैदान और अशोक की लाट क्षेत्र में सुबह से शाम तक खरीदारों की भीड़ बनी रही। कोई रंग और पिचकारी खरीदने में व्यस्त दिखा तो कोई कपड़े और खाद्य सामग्री की खरीदारी करता नजर आया। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने होली से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं को आकर्षक ढंग से सजा रखा है।