पुलिस और ग्रामीणों ने मंगलवार को एकजुट होकर कुख्यात मोनू की तलाश में रोहटा और ढडरा गांव का जंगल खंगाला। एक ट्यूबवेल पर उसके होने की सूचना थी। लोगों के आने का पता लगते ही मोनू वहां से भाग गया। ग्रामीणों ने एलान कर दिया कि मोनू जिंदा मिले या मुर्दा, लेकिन किसी भी हालत में मिलना चाहिए।
बेकसूर किसान दंपति की हत्या होने पर ग्रामीणों में कुख्यात मोनू के प्रति आक्रोश है। ग्रामीण बार-बार कह रहे हैं कि मोनू को पुलिस जिंदा या मुर्दा बरामद करे। मंगलवार को एक किसान ने जानकारी दी कि मोनू जंगल में एक ट्यूबवेल पर मौजूद है। जिसके बाद रोहटा पुलिस और ग्रामीण एकजुट होकर जंगल में मोनू की तलाश में निकल पड़े।
करीब दो घंटे पुलिस व ग्रामीणों ने जंगल खंगाला। लेकिन मोनू का कोई सुराग नहीं लगा। ग्रामीणों ने कहा कि मोनू जंगल में अपने साथियों के साथ रहता है। कुछ लोग उसे सहयोग कर रहे हैं। रोहटा थानाध्यक्ष सुरेंद्र भाटी का कहना है कि मोनू के जंगल में होने की सूचना मिली थी। जिसके तलाश में ग्रामीणों संग कांबिंग की है। मोनू पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से भाग गया।
पीड़ित परिवार को धमकी दी
ग्रामीणों ने बताया कि किसान दंपति की हत्या के बाद आरोपी मोनू बाज नहीं आ रहा है। मोनू ने अब पीड़ित परिवार को धमकी दी कि उन्होंने उसके परिवार को नामजद करके ठीक नहीं किया। वह उनको भी नहीं छोडे़गा। हालांकि पुलिस ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए फोर्स लगा रखी है।
मोनू की धमकी से व्यापारी का पलायन
मोनू जाट की धमकी से एक व्यापारी परिवार के साथ गांव छोड़कर चला गया। दंपति की हत्या के बाद से व्यापारी का परिवार सदमे में है। मोनू ने व्यापारी से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रखी है और पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने मोनू को गिरफ्तार नहीं किया तो कई और परिवार पलायन कर सकते हैं।
पीड़ित व्यापारी ने मोनू जाट की शिकायत रोहटा थाने में कर खुद को असुरक्षित बताकर सुरक्षा मांगी थी। पुलिस ने सुरक्षा नहीं दी तो व्यापारी मंगलवार को परिवार समेत गांव छोड़कर चला गया। ग्रामीणों ने बताया कि मोनू जाट ने व्यापारी को धमकी दी थी कि अगर पैसा नहीं दिया तो वह उसकी हत्या कर देगा। इससे पहले मोनू कोई अगली वारदात करे कि व्यापारी ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव छोड़ना ही मुनासिब समझा। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने जल्द कोई एक्शन नहीं लिया तो गांव से बहुत लोग पलायन कर देंगे। मोनू की गांव के लोगों में दहशत है।