लिसाड़ी गेट में किराए के मकानों में पनाह ले रहे अपराधी
मेरठ। जिले और जिले से बाहर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद ज्यादातर बदमाश लिसाड़ी गेट में आसानी से पनाह ले रहे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि ज्यादातर अपराधी नाम बदलकर और किराए के मकानों में रह रहे हैं। बृहस्पतिवार को सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रह रहे किराएदारों का सत्यापन करने के साथ ही पुलिस चेकिंग बढ़ाई जाए।
सीओ ने बताया कि क्षेत्र में वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए रात में भी अभियान चलाया जाएगा। घटना करने के बाद कुछ अपराधी मकान बदलकर दूसरे स्थान पर रहने लगते हैं। इसलिए उनको पकड़ने में पुलिस को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि जिन आवासों में अपराधी चिह्नित किए जाएंगे, उनके मकान मालिकों को भी पहले चेतावनी दी जाएगी और न मानने पर कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक के साथ ही बृहस्पतिवार को लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल के साथ टीम ने यहां चेकिंग कर कुछ बदमाशों की पहचान की जबकि कई बदमाश हाथ ही नहीं आए। थाना पुलिस का कहना है कि पांच लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र में बाहरी बदमाश भी पनाह ले रहे हैं। इसलिए उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई का प्रयास किया जा रहा है।