बीते सालों में मेरठ शहर में लूट और हत्या की वारदात में बदमाश सिर्फ बाइक का ही प्रयोग कर रहे हैं। इसके पीछे उनका मकसद आसानी से फरार होना है। इसके बाद भी पुलिस चेक पोस्ट पर बाइक सवारों की सघन जांच नहीं करती है। बदमाश पुलिस की इसी लापरवाही का फायदा उठाकर बड़ी-बड़ी वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
जागृति विहार में ज्वैलरी शॉप में लूट, उसी दौरान व्यापारी अमन जैन की गोली मारकर हत्या और फिर आसानी से फरार हो जाना... बदमाशों की ये करतूत पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
इससे पहले शास्त्री नगर में ज्वैलरी शॉप में डकैती, टीपीनगर में पंजाब नेशनल बैंक में लूट, नवीन मंडी में आढ़ती की हत्या समेत शहर में तमाम डकैती, लूट व हत्या की वारदात में बदमाश ने सिर्फ बाइक का ही प्रयोग किया। कभी भी बदमाश कार से वारदात करने नहीं आए। इसके बावजूद सड़कों पर पुलिस बाइकर्स की गंभीरता से जांच नहीं करती है। इसे लेकर पुलिस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
वारदात कर गलियों से भागते हैं बदमाश
हत्या, लूट या डकैती की वारदात करने के बाद बदमाश गलियों से भागते हैं। इस दौरान बाइक उनके लिए मुफीद साबित होती है। यही वजह है कि बदमाश वारदात में बाइक को सबसे सुरक्षित मानते हैं। बाइक से भागने के दौरान बदमाश सीसीटीवी कैमरे में आसानी से कैद हो जाते हैं।
इसके बावजूद पुलिस उनको पकड़ने में कई कई हफ्ते लगा देती है। बाइकर्स पर पुलिस की ढीली कार्रवाई भी अपराध को बढ़ावा दे रही है। घटना की जानकारी के तुरंत बाद पुलिस का सक्रिय न होना भी अपराधियों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है।
बदमाशों ने बाइक से ही अंजाम दीं ये वारदात
- 2017 में सदर बाजार क्षेत्र में आढ़ती से 5 लाख रुपये लूट के दौरान हत्या कर बाइक से भागे।
- 2017 में ब्रह्मपुरी में लूट के विरोध में व्यापारी के बेटे की हत्या कर बाइक से भागे बदमाश।
- 2017 में नवीन दालमंडी में पवन गुप्ता की हत्या कर बदमाश हसीन मोटा भागा था।
- 2018 में रेलवे रोड में सिटी स्टेशन के पास लूट के विरोध में व्यापारी की हत्या कर बाइक से भागे।
- अगस्त 2019 में दिल्ली रोड स्थित पीएनबी बैंक में दिनदहाड़े लूट कर दो बाइक से भागे चार बदमाश।
- 17 दिसंबर 2019 को शास्त्रीनगर में ज्वैलरी शॉप में डकैती कर दो बाइक से भागे थे चार बदमाश।
- दिसंबर 2019 में मेडिकल क्षेत्र में लूट के दौरान गाजियाबाद के व्यापारी की हत्या कर बाइक से भागे।