गंगोह मार्ग पर चार युवकों ने जबरन बाइक सवार युवक-युवती को रोक कर न सिर्फ उनकी अश्लील वीडियो बनाई। बल्कि उनसे बाइक और अन्य सामान भी लूट लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
नगर के मोहल्ला किला निवासी युवक ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार की शाम रिश्तेदार युवती को साथ लेकर बाइक पर नानी के गांव कल्लनहेड़ी जा रहा था। शाम करीब चार बजे जब वह देवबंद गंगोह मार्ग स्थित भायला गांव से कुछ आगे निकला तो रास्ते में लाठी डंडे लेकर खड़े चार युवकों ने उन्हें रोक लिया और बाइक से नीचे गिरा दिया। आरोप है कि युवकों ने जबरन उन्हें ईख के खेत में खींच लिया जहां वह युवती के साथ अश्लील हरकतें करने लगे। जब उसने विरोध किया तो वह मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं उन्होंने उससे एडमिट कार्ड, करीब 700 रुपये की नगदी और बाइक भी लूट ली। बाद में उडरा धमकाकर दोनों से अश्लील हरकतें कराईं और उनकी वीडियो बनाकर किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर भायला गांव निवासी जग्गा, शुभम और राहुल समेत चार लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 392, 354ए, 354डी, 504 व 506 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।