महिलाओं से केरोसिन की बोतल छीनती सिपाही।
- फोटो : अमर उजाला
संघर्ष के मामले में युवक को पकड़ने के विरोध महिलाओं ने पिलोखड़ी चौकी पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। दो महिलाओं ने मासूम के साथ आत्मदाह करने की नीयत से बैग से बोतल निकाली तो महिला कांस्टेबिल ने छीन ली। बाद में पुलिस ने पकडे़ गए युवक को छोड़ दिया।
लिसाडी गेट थाना क्षेत्र के रशीदनगर में शनिवार रात एक मकान के विवाद को लेकर रशीद और परवेज पक्षों में संघर्ष हो गया था। पुलिस रविवार को परवेज पक्ष के साबिर को उठाकर ले गई। इसके विरोध में परवेज की पत्नी शकीला, उनकी ननद मोहसिना अपने मासूम बच्चे के साथ पिलोखड़ी पुलिस चौकी पहुंची। शकीला का आरोप था कि रहीस पक्ष से उनकी पहले से मुकदमेबाजी चल रही है।
इसी कारण रहीस ने अपनी पत्नी को खुद चाकू मारकर आरोप उन पर लगा दिया। वह झूठा मुकदमा दर्ज कराकर उन पर दबाव बनाना चाहते हैं। रहीस ने ही साबिर को पीटा और पुलिस ने उल्टा उसे ही उठा लिया। इसी बीच शकीला ने केरोसिन की बोतल निकाली तो पुलिस ने उसे छीन लिया। एसओ लिसाड़ी गेट रवेंद्र सिंह के अनुसार साबिर को चौकी से जमानत देकर छोड़ा गया है। पुलिस जांच के बाद निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।