उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से दस हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
बताया गया कि आरोपी बदमाश गैंगस्टर एक्ट में थाना सिविल लाइन मुजफ्फरनगर से वांछित चल रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व आरोपी ने भाकियू नेताओं के साथ थाने पहुंच शपथ पत्र देकर अपराध न करने की कसम खाई थी। इसके बाद वह फिर से अपराध में संलिप्त हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश दिलशाद निवासी गांव कुल्हेड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। चरथावल नहर स्थित घिससुखेड़ा झाल पर हुई मुठभेड़ के दौरान सिपाही सचिन भी घायल हो गए। वहीं आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक बाइक और कारतूस बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी के शामली में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन युवकों की मौत, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे चार दोस्त
सीओ सदर कुलदीप कुमार ने बताया कि आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र से गैंगस्टर एक्ट में करीब दो महीने से वांछित चल रहा था। उस पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने 10 हजार का इनाम घोषित किया है।
उधर, मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद आरोपी की पत्नी रोशन जहां ने भाकियू नेता विकास शर्मा और ग्रामीणों के साथ फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया। भाकियू ने ग्रामीणों के साथ धरना दिया। लेकिन सीओ और एसओ ने ग्रामीणों को आरोपी पर किसी फर्जी कार्रवाई नहीं करने का भरोसा देकर उन्हें वापस भेज दिया। वहीं पत्नी को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद घर भिजवाया गया। एसओ ने बताया कि मेडिकल कराने के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/