मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव में दुल्हन के साथ मारपीट, लूटपाट और गाड़ियों में तोड़फोड़ के विरोध में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। भाजपा नेताओं के साथ एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष भी समर्थकों के साथ पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दे दी कि यदि हमलावरों की एक घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो अंजाम समझ लेना। भाजपाइयों ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुके मोहम्मद आरिफ के घर के बाहर भी नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं ने पचपेड़ा गांव से लेकर भावनपुर थाने तक हंगामा किया। भाजपा नेता रोहताश पहलवान, अजित चौधरी और एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष नितीश भारद्वाज, रविंद्र बिष्ट, धीरज शर्मा, अमित शर्मा, अनुज कौशिक, रवि शर्मा, मोहित कौशिक, निखित पंडित सहित कई समर्थक मौके पर पहुंच गए। कार्यवाहक एसपी देहात/एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक ने भाजपा नेताओं को समझाने की कोशिश की तो अजित चौधरी और रोहताश पहलवान भड़क गए। कहा कि एसपी साहब! क्या यहां जंगलराज आ गया। पचपेड़ा में बीच गांव में दुल्हन से लूटपाट और मारपीट के बाद गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई तो फिर हाईवे पर क्या हाल होगा। ऐसे तो लोग रात में घरों से निकलना ही बंद कर दें।