थाने में शिकायत दर्ज कराते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कस्बे के कपड़ा व्यापारी के मोबाइल फोन पर रविवार सुबह इंटरनेट कॉल से उसके समेत विधायक और सरधना से भाजपा प्रत्याशी संगीत सिंह सोम को शाम तक जान से मारने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को आतंकी संगठन आईएसआईएस का सदस्य बताया। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर सरधना थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
गांधीनगर मोहल्ला निवासी शुभम जैन पुत्र राकेश जैन की गंज बाजार में कपडे़ की दुकान है। रविवार सुबह करीब 10:08 बजे पर उनके मोबाइल फोन पर प्लस 3444 नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को आईएसआईएस से जुड़े होने की बात कही। धमकी देने वाले ने व्यापारी शुभम से कहा कि तू और तेरा विधायक बच सकते हो तो बच जाओ। आज शाम तक दोनों को उड़ा दिया जाएगा। चाहे कुछ भी कर लेना। किसी भी कीमत पर दोनों को जान से मार दिया जाएगा। फोन पर धमकी मिलने के बाद व्यापारी के होश उड़ गए। व्यापारी ने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को बताया तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
धमकी मिलने के बाद व्यापारी शुभम जैन ने भाजपा विधायक संगीत सोम के कैंप कार्यालय पहुंचकर उन्हें मामले की जानकारी दी। जिसके बाद भाजपा नेता व पदाधिकारी थाने पहुंचे। विधायक संगीत सोम के पीए चंद्रशेखर, भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद जैन ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। भाजपाइयों और व्यापारियों ने थाने पर हंगामा करते हुए कहा कि जब तक धमकी देने वाले की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक पीड़ित व्यापारी को सुरक्षा दी जाए। धमकी मिलने के बाद से व्यापारी परिवार में दहशत है। इस मामले में सरधना पुलिस ने क्राइम ब्रांच और साइबर सेल से भी सहयोग मांगा है, जिससे धमकी देने वाले का पता चल सके। वहीं, इंस्पेक्टर सरधना मनोज मिश्र ने देर शाम बताया कि जांच में सामने आया कि प्लस 3444 स्पेन का कंट्री कोड है। मामले की जांच की जा रही है।