रामनगर में पेंटर ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस पारिवारिक विवाद के पहलू पर जांच कर रही है।
नरेश कुमार (40) पुत्र मामचंद नेशनल हाईवे स्थित दायमपुर का रहने वाला था। वह पेंटर का काम करता था। बड़ी-बड़ी इमारतों के ठेके लेता था। करीब पांच वर्ष से दायमपुर गांव को छोड़कर रामनगर गली नंबर 5 में मकान बनाकर रह रहा था। बृहस्पतिवार रात 8 बजे उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि नरेश की अधिक शराब पीने की वजह से मौत हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसको जहर देकर मारा गया है। दंपति के बीच पिछले कई सालों से विवाद चल रहा था। अक्सर झगड़ा होता रहता था। चर्चा थी कि नरेश की पत्नी का चाल चलन सही नहीं था। इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद नरेश की मौत के कारण का पता चलेगा। पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के मामले में तहरीर दी है।
लाखों रुपये की प्रॉपर्टी है
परिजनों ने बताया कि नरेश के चार बच्चे हैं। बेटी टिवंकल, रिंकल और बेटे आदित्य, कार्तिक हैं। नरेश अच्छी कमाई करता था। रामनगर में उसने कई लाख रुपये में प्लाट लेकर मकान बनाया और इसके अलावा नेशनल हाईवे पर उसका करीब 150 गज का प्लाट था। जिसकी आज अच्छी कीमत है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।