क्राइम ब्रांच और कंकरखेड़ा पुलिस ने ट्रांसपोर्ट की आड़ में चोरी और डकैती डालने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सरगना समेत सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दो बदमाश फरार बताए जा रहे हैं। उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद हुआ है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि रात में वारदात करने वाला यह गिरोह हाल ही में मवाना थाने के तहत लकड़ी की दुकान से माल भरकर फरार हो गया था। इस गिरोह को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच को लगाया गया था। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि कंकरखेड़ा में फ्लाईओवर के पास खड़े कैंटर में कुछ बदमाश मौजूद हैं। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा के साथ संयुक्त कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने कैंटर को घेर लिया। इस दौरान सात बदमाश पकड़े गए। कैंटर से चोरी का काफी माल बरामद हुआ है। बदमाशों की पहचान शाकिर उर्फ अंडा पुत्र यासीन निवासी कस्बा लावड़, मेरठ, सोनू कुरैशी पुत्र जमीर निवासी मुजफ्फरनगर, शौकीन पुत्र नसीरुद्दीन निवासी मुजफ्फरनगर, अबूजर मलिक पुत्र शहजाद निवासी खतौली मुजफ्फरनगर, सरफराज पुत्र मो. यूसुफ निवासी लिसाड़ीगेट मेरठ, अनस पुत्र साबिर निवासी लिसाड़ीगेट मेरठ, आदिल पुत्र रईसुद्दीन निवासी लिसाड़ीगेट मेरठ के रूप में हुई। फरार बदमाशों में इमरान पुत्र बाबू खां मेवाती निवासी हापुड़ और शोएब पुत्र साबिर निवासी लिसाड़ीगेट मेरठ हैं। शाकिर इस गिरोह का सरगना है।
सूनसान बाजार को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार इस गिरोह के बदमाश ट्रांसपोर्ट की आड़ में वारदात करते थे। एक शहर से दूसरे शहर सामान पहुंचाने के लिए अपना कैंटर बुक करते थे। जिस शहर में सामान उतारते थे, रात में उसी शहर में किसी दुकान व प्रतिष्ठान को निशाना बनाते थे। आदिल, शोएब और अनस कबाड़ी का काम करते हैं और चोरी का माल खरीदते हैं।
कई वारदात में शामिल था गिरोह
पुलिस की मानें तो यह गिरोह दर्जनभर वारदात को अंजाम दे चुका है। इनमें 18/19 मई की रात में मवाना में हुई चोरी और पांच फरवरी को जनपद लखीमपुर खीरी के थाना कोतवाली सदर में कपड़े की दुकान में हुई चोरी शामिल हैं। पूछताछ में बदमाशों ने आधा दर्जन चोरी, लूट व डकैती की वारदात कबूल की हैं।
यह माल हुआ बरामद
एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि बदमाशों के पास से एक कैंटर (यूपी-25जी8761) बरामद किया है। चोरी का माल इसी में भरकर वह फरार होते थे। इसके अलावा एक लकड़ी के सोफे का फ्रेम, 100 लेडीज सूट और साड़ी, दो तमंचे 315 बोर, दो चाकू, एक बड़ा हथौड़ा व तीन लोहे की रॉड बरामद हुई हैं। शौकीन और शाकिर के खिलाफ अलग-अलग थानों में काफी मामले दर्ज हैं।