बागपत जिले के बड़ौत में शादी समारोह में आए चालक को अगवा कर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद स्कार्पियो लूटकर बदमाश फरार हो गए।
शामली पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह कांधला थानाक्षेत्र में एलम पुलिस चौकी से कुछ मीटर पहले खेत में एक लहूलुहान युवक पड़ा था। वहां से गुजर रहे किसानों ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी। कांधला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायल चालक को कांधला सीएचसी ले गई, लेकिन हालत गंभीर देख उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ में उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर कांधला और सीओ कैराना राजेश तिवारी के मुताबिक चालक मध्य प्रदेश के भिंड निवासी टीकाराम पुत्र फूल सिंह था। वह गाजियाबाद में आकाश के यहां चालक था। सोमवार को कार चालक अपने मालिक के दोस्त सुरेश और उसके परिवार को दिल्ली गोकुलपुरी से शादी में शामिल होने के लिए बड़ौत लाया था। परिवार को शादी में छोड़ने के बाद से कार चालक लापता हो गया। मंगलवार की सुबह चालक घायल अवस्था में एलम के पास ककड़ीपुर के निकट पड़ा मिला। उसके पेट में गोली लगी थी।
सीओ के अनुसार चालक के परिजन सूचना पर सीधे मेरठ ही चले गए थे। शाम तक परिवार या किसी अन्य के द्वारा इस घटना की तहरीर नहीं दी गई थी। सीओ ने बताया कि अभी तक की जांच में लग रहा है कि चालक बड़ौत से अगवा हुआ था। बदमाशों ने रास्ते में उसे गोली मारी और यहां लाकर खेत में फेंक दिया। हत्या के बाद बदमाश उसकी स्कार्पियो लूटकर फरार हो गए।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/