बागपत में कोतवाली क्षेत्र के बिनौली रोड पर स्थित केमिकल फैक्ट्री मालिक की फैक्ट्री परिसर में ही यहां काम करने वाले दंपती ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों और आसपास के लोगों को कई घंटे बाद वारदात की जानकारी मिली। आरोपी दंपती वारदात के बाद फरार हो गया।
सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाहा का कहना है कि फैक्ट्री में काम करने वाले दंपती की तलाश की जा रही है। फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले दंपती ने ही किसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।
बड़ौत के आदर्शनगर निवासी अक्षय सोलंकी (45) की बिनौली रोड पर वॉशरूम क्लीनर बनाने की फैक्ट्री है। अक्षय सोलंकी बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से फैक्ट्री गया, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजन उसे तलाशते हुए फैक्ट्री पहुंचे। फैक्ट्री में अक्षय की खून से लथपथ लाश मिली। हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाह मौके पर पहुंचे।