आपको पता नहीं है कि यहां सोने के गहने पहनकर घूमना मना है। हमें पुलिस वालों ने निगरानी के लिए भेजा है। चलो सारे गहने उतारकर अपनी चुन्नी में बांध लो। इसके बाद दो ठगों ने एक वृद्धा के असली आभूषण उतरवाकर अपनी जेब में रख लिए और नकली आभूषण उनकी चुन्नी में बांध दिये। घर पहुंचकर महिला को ठगी के बारे में पता चला। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह ने बताया कि माडल टाउन निवासी 60 वर्षीय कश्मीरो देवी शुक्रवार शाम डबल पार्क के पास टहलने गई थीं। कुछ देर बाद दो युवक बाइक से उनके पास आए। युवकों ने महिला से कहा कि उन्हें शर्मा जी बुला रहे हैं। इस पर महिला ने कहा कि वह किसी शर्मा जी को नहीं जानती। फिर युवकों ने कहा कि एक बार मिल लो, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया। इसके बाद युवकों ने कहा कि उन्हें पुलिस वालों ने भेजा है।
इस एरिया में सोने का गहना पहनकर घूमना मना है। इसके बाद युवकों ने महिला से गहने उतारने के लिए कहा। युवकों के डर से महिला ने सारे गहने उतार दिये। इसके बाद युवकों ने चुन्नी में बांधने के बहाने महिला से गहने ले लिये। इसी बीच दोनों युवकों ने महिला के असली गहनों को बदल दिया। असली अपने पास रख लिए और नकली गहने महिला की चुन्नी में बांध दिए।
इसके बाद महिला को यह हिदायत देकर कि आगे से इस एरिया में सोना पहनकर मत घूमना, चले गए। महिला ने जब घर पहुंचकर चुन्नी खोलकर देखी तो उसमें सारे गहने नकली थी। महिला को समझते देर नही लगी कि उसके शुभचिंतक बने युवकों ने ही उसे चूना लगा दिया है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
भीड़भाड़ के बीच उड़ाईं चार चूड़ियां, एक कड़ा और अंगूठी
बदमाशों ने महिला के साथ ठगी भीड़भाड़ इलाके में की गई है। डी पार्क पर सुबह से शाम तक लोगों की काफी आवाजाही रहती है। पुलिस ने बताया कि महिला की सोने की चार चूड़ियां, एक कड़ा और एक अंगूठी ले गये। चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।