मृतका के परिजनों को समझाते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में भोपा थाना क्षेत्र के गांव बहुपुरा में शादी से इंकार करने पर ग्राम प्रधान के भतीजे ने एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। परिजनों का आरोप है कि हत्यारोपी महिला ग्राम प्रधान का प्रतिनिधि भी है। उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने दो घंटे तक शव को नहीं उठाने दिया।
एसपी देहात आलोक शर्मा ने बताया कि फरार हत्यारोपी ग्राम प्रधान का भतीजा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मृतका बीएड की छात्रा थी। सोमवार शाम करीब सवा छह बजे वह गांव में ही एक डॉक्टर के पास दवाई लेने जा रही थी। डॉक्टर की दुकान के सामने ही एक किराना की दुकान पर अमित पुत्र वीरेंद्र बैठा था। वह छात्रा के पास आया और उससे कुछ कहा, छात्रा ने विरोध किया तो उसकी कनपटी पर देसी पिस्टल सटाकर गोली मार दी।
इसके बाद अमित ग्रामीणों को धमकी देता हुआ फरार हो गया। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। सरेआम बीच गांव में छात्रा की हत्या की वारदात से दहशत फैल गई। सूचना पर भोपा पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव नहीं उठाने दिया। वो एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़ गए। बाद में एसपी देहात आलोक शर्मा ने मौके पर जाकर परिजनों से बात की और जल्द हत्यारोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं मृतका के परिजनों का आरोप है कि हत्यारोपी अमित काफी दिनों से छात्रा पर शादी करने का दबाव बना रहा था, जिसका छात्रा विरोध करती थी। इसी कारण उसकी हत्या की गई है।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/