गाजियाबाद पुलिस पर हमला कर सपा नेता और उसके साथियों ने एक हत्यारोपी को पुलिस की हिरासत से छुड़ा लिया। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोप है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सपा नेता के घर में छिपा हुआ था। गाजियाबाद पुलिस ने सपा नेता समेत छह लोगों पर जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया है।
गाजियाबाद के लोनी थानाक्षेत्र के पावी सादकपुर गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर हाजी शमशाद की दो अगस्त को हत्या हुई थी। इस मामले में नफीस, अशरफ और जानुल को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि खालिद, इमरान और आसिफ फरार चल रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार को भावनपुर थाना पुलिस को साथ लेकर पचपेड़ा गांव में सपा नेता आरिफ चौहान के मकान में दबिश दी।
वहां आरोपी खालिद को पुलिस ने खाना खाते समय दबोच लिया। गाजियाबाद पुलिस आरोपी को लेकर निकलने वाली ही थी कि सपा नेता आरिफ चौहान अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि सपा नेता आरिफ ने गाजियाबाद पुलिस पर हमला कर आरोपी खालिद को छुड़ा लिया। पुलिस अपनी जान बचाने में लगी तो खालिद मौके से भाग निकला।
घटना की जानकारी लगते ही भावनपुर और इंचौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन सुराग नहीं लगा। बाद में गाजियाबाद पुलिस की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता आरिफ चौहान और उसकी पत्नी, खालिद और उसकी पत्नी, पूर्व प्रधान टोला और रब्बानी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वे घर से फरार हो गए।
जिला पंचायत चुनाव की तैयारी?
आरिफ चौहान ने खुद सपा का जिला सचिव बताया है। अभी वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी मेें है। वारदात की जानकारी से सपाइयों में भी खलबली मच गई। कई सपा नेताओं ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी ली।
हत्या करके आया था
हाजी शमशाद की हत्या के बाद खालिद सपा नेता आरिफ के पास आ गया था। खालिद और उसकी पत्नी सपा नेता के मकान में ही रहते थे। खालिद की सपा नेता से रिश्तेदारी भी बताई गई है। खालिद खुलेआम गांव में घूमता था।
पीछे हटने में ही थी भलाई
गाजियाबाद लोनी थाने के एसआई मनीष चौहान, कांस्टेबल अजय, अनुज और नवनीत ने बताया कि सपा नेता व उसके साथियों ने उनकी घेराबंदी कर ली थी। हमला कर जबरन आरोपी खालिद को छुड़ाया। दोबारा पकड़ने का प्रयास किया तो जान से मारने की धमकी देने लगे। लोगों की भीड़ देखकर पुलिस ने पीछे हटने में ही अपनी भलाई समझी।
कप्तान से मिले सपा नेता
सपा नेता आरिफ चौहान अपने कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार रात एसएसपी से मिला। उसका आरोप है कि गाजियाबाद और भावनपुर पुलिस ने उसकी गैर मौजूदगी में घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता और लूटपाट की। उसने कहा कि पुलिस छापे के दौरान वह कैबिनेट मंत्री के साथ इंचौली में सड़क निर्माण के उद्घाटन कार्यक्रम में था।
हत्यारोपी उसके घर पर नहीं था। पुलिस ने बगैर जांच पड़ताल कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी ने इस मामले की जांच सीओ सदर देहात शिवराज सिंह यादव को सौंपी है।
गाजियाबाद पुलिस पर हमला कर हत्यारोपी को छुड़ाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। -कैप्टन एमएम बेग, एसपी देहात