उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सूरजपुर मेहनवा गांव में एलएमसी की जमीन के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पर घर में घुस कर हमला करने का आरोप लगाया है। इसमें दो महिला समेत सात लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। पीड़ितों ने कोतवाली पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मेहनवा के संजीव शर्मा ने बताया कि उनका और पड़ोसियों का एलएससी की 42 गज जमीन पर 25 वर्षों से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। दूसरा पक्ष एलएमसी की जमीन कूड़ा कचरा डालता है। शनिवार को उनके ताऊ के लड़के विजय शर्मा ने पड़ोसियों से कूड़ा कचरा डालने के लिए दस गज जमीन छोड़ने की मांग की।
यह भी पढ़ें: कोरोना से नहीं निजात: यूपी के इस शहर में कारपेंटर, बिजनेसमैन से लेकर छात्र तक संक्रमित, भयावह है मौजूदा स्थिति
आरोप है कि जब घर के सभी लोग काम पर चले गए तो दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं व लड़कियों के साथ अश्लील हरकत की। उनके कपड़े भी फाड़ दिए।
मारपीट में उनकी भाभी लता शर्मा व मुनेश शर्मा के अलावा भाई नरेश शर्मा, भतीजी दीपा व साक्षी, दो भतीजे भोलू व मोंटू गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्होंने कोतवाली पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।