फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सहारनपुर: छात्र की हत्या कर लाश फेंकी, शव के पास पड़ा मिला तमंचा

Thu, 20 Dec 2018 04:38 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सहारनपुर में कोतवाली सदर क्षेत्र में बीएससी के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव टेलीफोन एक्सचेंज मार्ग पर एक प्लाट में फेंक दिया गया। छात्र की जेब से 315 बोर का कारतूस मिला और पास में तमंचा पड़ा मिला, जिससे पुलिस को छात्र के आत्महत्या करने की भी आशंका है। छात्र के भाई ने तीन युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  पुलिस का कहना है कि अनुज की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है, इसकी जांच की जा रही है।   

विज्ञापन


गुरुवार सुबह टेलीफोन एक्सचेंज मार्ग पर मोहल्ला राजौरी गार्डन में रजबहा पटरी के किनारे प्लाट में युवक का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसएसपी दिनेश कुमार, एसपी यातायात विनीत भटनागर और सीओ मुकेश मिश्र भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर जांच कराई गई। टीम ने मौके से तमंचा एवं मोबाइल फोन के अलावा युवक की जेब से 315 बोर का कारतूस बरामद किया। तमंचे में भी कारतूस (खोखा) फंसा हुआ मिला। मोबाइल फोन पर आई कॉल से उसकी पहचान अनुज उर्फ कोटा (21 वर्ष) पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम घाटेड़ा थाना रामपुर मनिहारान के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनुज का भाई रोबिन और परिवार के सदस्य भी सहारनपुर पहुंच गए और पुलिस को तहरीर दी। सदर कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी ने बताया कि अनुज के भाई रोबिन ने गांव घाटेड़ा के ही आकाश, विशाल और मोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रोबिन का आरोप है कि अनुज को कॉल करके बुलाया गया था। उसे शक है कि तीनों युवकों ने ही अनुज की हत्या कर दी और शव प्लाट में फेंक दिया। पुलिस ने एक आरोपी विशाल को हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।

सिर के पार हो गई गोली
पुलिस के अनुसार अनुज को तमंचे की गोली लगी है। सिर में दाहिनी तरफ से गोली लगी और बाईं ओर से निकल गई। जिससे अनुज की मौत हो गई। प्लाट के बगल वाले मकान की दीवार पर गोली का निशान भी बताया जा रहा है। 

दोस्त मोहित के साथ गांव से आया था अनुज  
सदर कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी ने बताया कि हिरासत में लिए गए विशाल ने पूछताछ में बताया कि उसने और आकाश ने अनुज को कॉल करके सहारनपुर बुलाया था। अनुज गांव के ही मोहित के साथ बाइक से आया था। सहारनपुर में जब मोहित और अनुज पहुंच गए तो सभी लोग मिलकर मॉडल शॉप पहुंचे। जहां उन्होंने शराब पी। इसके बाद अनुज को मोहित के साथ बाइक से भेज दिया। उसने पुलिस को यह भी बताया कि अनुज पहले से ही तमंचा लेकर आया था। उसके पास तमंचा कहां से आया यह उसे नहीं पता।
विज्ञापन

हत्या अथवा आत्महत्या, जांच में चलेगा पता
एसएसपी दिनेश कुमार का कहना है कि सिर में गोली लगने से अनुज की मौत हुई है। अभी तक यह नहीं कहा जा सकता कि उसकी हत्या की गई है अथवा उसने आत्महत्या की है। जांच के बाद ही इसका पता चलेगा।   

रात में कहता रहा, आ रहा हूं घर  
अनुज के भाई रोबिन ने पुलिस को बताया कि अनुज रामपुर मनिहारान के गोचर महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसने बताया कि बुधवार को अनुज श्याम गढ़ी, कांधला (शामली) में अपने मामा के यहां से शाम लगभग साढ़े पांच बजे वापस आया था। रात करीब साढ़े छह बजे वह सहारनपुर जाने लगा तो उसने रोका था। इस पर अनुज ने कहा था कि भाई, चिंता न कर, नौ -साढ़े नौ बजे तक वापस आ जाऊंगा। रात नौ बजे तक भी अनुज नहीं लौटा, तो उसके मोबाइल पर कॉल की। तब अनुज ने कह दिया था कि अभी वह सहारनपुर में है और थोड़ी देर में ही घर पहुुंच जाएगा। इसके बाद दस बजे फिर कॉल की, तो उसने कहा कि वह सहारनपुर से निकल रहा है। फिर 11 बजे तक भी वह घर नहीं पहुंचा, तो रोबिन ने कई बार कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। उसने सोचा कि शायद वह अपने किसी दोस्त के पास रात में सहारनपुर ही रुक गया होगा। रोबिन ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे अनुज के मोबाइल पर पुलिसकर्मी ने कॉल रिसीव की और पूछा कि यह फोन किसका है और यह कहां का रहने वाला है। पुलिसकर्मी ने घटना के बारे में बताया, तब वह परिवार के लोगों के साथ सहारनपुर पहुंचा।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें