अलकरीम होटल की मापतौल करने पहुंची नगर निगम की टीम पर शनिवार शाम पथराव कर दिया गया। निगम के अधिकारी व कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर जान बचायी। निगम अधिकारी व कर्मचारियों को गुम चोटें आयी हैं। निगम की तरफ से होटल मालिक सहित 15 लोगों के खिलाफ थाना देहली गेट पर केस दर्ज कराने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
घंटाघर पर निगम की चार दुकानों में संचालित होटल अलकरीम का अवैध निर्माण ध्वस्त न होने पर हाईकोर्ट ने नगर निगम, एमडीए, जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा एसपी सिटी को बीती दो फरवरी को तलब किया था। इससे पहले 31 जनवरी को पूरा सरकारी अमला अवैध निर्माण ध्वस्त करने पहुंचा था। लेकिन एक ईंट तक नहीं हटवा पाया था। दो फरवरी को हाईकोर्ट में केस नंबर पर न आने पर सुनवाई टल गई थी। इसके बाद नगरायुक्त डीके कुशवाहा ने निर्देश दिए थे कि आगामी छह फरवरी को एमडीए ध्वस्तीकरण अभियान चलाएगा जबकि उससे पहले निगम के संपत्ति विभाग की टीम मापतौल करके बताएगी कि कितना अवैध निर्माण ध्वस्त करना है।
यह निशानदेही करने के लिए शनिवार शाम करीब चार बजे निगम के संपत्ति अधिकारी राजेश कुमार, लेखपाल राजकुमार, रुद्रेश कुमार, किराया लिपिक लोकेश कुमार सहित कई कर्मचारी अलकरीम होटल पहुंचे थे। संपत्ति अधिकारी का कहना है कि लेखपालों ने मापतौल करने के लिए फीता खोला ही था कि होटल मालिक नासिर और फिरोज इलाही ने होटल में काम करने वाले अपने साथियों को साथ लेकर निगम की टीम के साथ गालीगलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। पत्थरों के साथ-साथ होटल में रखे बर्तन आदि भी टीम के ऊपर फेंकने शुरू कर दिए। टीम में शामिल सभी सदस्यों को जान बचाकर भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। टीम में शामिल अधिकारी व कर्मचारियों का आरोप है कि होटल मालिकों ने जहां उनके साथ गालीगलौज की, वहीं जान से मारने की धमकी देते हुए पथराव कर दिया। सरकारी कार्य में बाधा डाली है।