मुजफ्फरनगर के गांव कूकड़ा में दुकानदार को उसी की दुकान में पिस्टल लगाकर बंधक बनाते हुए रंगदारी की मांग की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी दुकान की तालाबंदी कर कब्जा करने की कोशिश की। शोर मचाने पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की मुनीम कॉलोनी निवासी विनोद ने बताया कि उसकी कूकड़ा गांव में दुकान है। पीड़ित के अनुसार पांच मार्च की शाम वह दुकान पर ही था। उसी दौरान छह लोग हथियारों के साथ दुकान पर पहुंचे, जिनमें से दो ने अपना नाम मदन व दिनेश बताया। आरोप है कि सभी युवकों ने दुकान में घुसते ही विनोद पर पिस्टल तान दिए और उसे अंदर खींच ले जाकर बंधक बना लिया। उससे लाखों रुपए रंगदारी की मांग की। दुकानदार के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए परिवार समेत हत्या करने की धमकी दे डाली। इसके साथ ही दुकान का शटर बंद कर तालाबंदी करते हुए उस पर कब्जा करने की भी चेतावनी दी। पीड़ित दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/