फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ में दिनदहाड़े महिला का कत्ल

Tue, 13 Oct 2015 01:42 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
सुभाषपुरी कॉलोनी में महिला के दिनदहाड़े कत्ल से सनसनी फैल गई। मामला संदिग्ध है। कत्ल की वारदात के दौरान उसका बेटा और पुत्रवधू घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। दूधिया जब घर पहुंचा तो घर में रक्तरंजित लाश देखकर उसके शोर मचाने पर घटना की जानकारी हुई। पहले लूट के विरोध में कत्ल होना माना गया। लेकिन घर में नकदी और कीमती सामान सुरक्षित मिला। एसपी सिटी का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।
विज्ञापन


सुभाषपुरी कॉलोनी निवासी त्रिलोक कौर (65) पत्नी स्वर्गीय जसपाल सिंह अपने इकलौते बेटे हरदीप उर्फ पप्पू और पुत्रवधू नीतू के साथ रहती थीं। त्रिलोक विद्युत विभाग में क्लर्क और जसपाल नगर निगम में क्लर्क से रिटायर थे। हरदीप कमेटी डालने का काम करता है। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति कमेटी के 15 हजार रुपये हरदीप को देकर गया था। जिसके बाद हरदीप मकान की ऊपरी मंजिल में जाकर सो गया।

एक घंटे बाद करीब 8:30 बजे दूधिया घर पर आया और उसने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुला होने पर दूधिया मकान में अंदर पहुंचा। जहां त्रिलोक कौर की लाश लहूलुहान हालत में पड़ी थी। दूधिया की चीख सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने ऊपरी मंजिल पर जाकर हरदीप और उसकी पत्नी को जगाया।
विज्ञापन


दिनदहाडे़ महिला की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। एसपी सिटी ओपी सिंह, सीओ दौराला डॉ. अरविंद कुमार, इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा एसके राणा ने डॉग स्क्वाएड और फिंगर एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। नहीं गया कोई सामान
पूछताछ में दंपति ने अंदेशा जताया कि लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से गला रेतकर हत्या की है।  पुलिस के मुताबिक दंपति का कहना है कि सामान तो अस्तव्यस्त मिला, लेकिन घर में दो जगह रखे 40 हजार रुपये सुरक्षित मिले। दंपति ने घर से कोई सामान भी जाना नहीं बताया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी।  

घर में ही घूमता रहा डॉग स्क्वाएड
डॉग स्क्वाएड भी घर में ही चारों तरफ घूमता रहा। काफी देर तक चारों तरफ सूंघने के बाद डॉग घर के दरवाजे पर बैठ गया। पुलिस इस प्वाइंट पर भी जांच कर रही है। उधर फिंगर एक्सपर्ट ने कई जगह से जांच के लिए नमूने लिए। हालांकि मौके से कोई आला कत्ल नहीं मिला।

एसएसपी को दी सूचना
दंपति ने बताया कि कंट्रोल रूम पर कॉल रिसीव नहीं होने पर उन्होंने एसएसपी के सरकारी नंबर पर कॉल की। एसएसपी के हड़काने के बाद सीओ दौराला व इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा मौके पर पहुंचे।

पिता के बाद छिना मां का साया
हरदीप ने बताया कि उसके पिता की छह माह पहले ही बीमारी के चलते मौत हो गई। अभी इस गम से संभल भी नहीं पाए थे कि बदमाशों ने उनकी मां की हत्या कर यह साया भी उनसे छीन लिया।

पाकिस्तान से आया था परिवार
हरदीप ने बताया कि बटवारे के बाद उनका परिवार पाकिस्तान से भारत आया था। पहले वह साकेत में किराए के मकान में रहते थे। उसके बाद माता-पिता की नौकरी लगने के बाद उन्होंने कंकरखेड़ा में घर ले लिया था। करीब 20 वर्षों से परिवार सुभाषपुरी में रहता था।
कोट
महिला की हत्या किसने और क्यों की, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। मामला संदिग्ध है। महिला के बेटे से पूछताछ जारी है। वारदात का जल्द खुलासा होगा।- ओपी सिंह, एसपी सिटी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें