मेडिकल थाना क्षेत्र में काली नदी के पास मंगलवार दोपहर एक वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सीओ सिविल लाइन मौके पर पहुंचे। रात तक शव की शिनाख्त नहीं हुई थी।
काली नदी के पास एक खत्ता है। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वहां खून से लथपथ एक बोरे को कुछ कुत्ते नोंच रहे थे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सीओ सिविल लाइन बीएस वीर कुमार, एसओ मेडिकल रविंद्र वशिष्ठ, एसओ भावनपुर मोहन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जांच की तो बोरे से करीब 70 वर्षीय वृद्ध का क ंबल में लिपटा शव मिला।
वृद्ध ने सफेद कुर्ता- धोती, काली जाकेट और कपड़े के जूते पहने थे। पुलिस ने कुर्ते की तलाशी ली तो जेब में 15 रुपये मिले। पुलिस का मानना है कि वृद्ध की हत्या कर शव यहां फेंका गया और सिर को काटकर अलग कर दिया। पास में तेजाब की बोतल भी पड़ी मिली। जिसमें पुलिस को अंदेशा है कि चेहरे पर तेजाब डालकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को मेेडिकल कॉलेज स्थित मोर्चरी भेज दिया।
रंजिश या जमीन विवाद हो सकता है कारण
एसओ मेडिकल रविंद्र वशिष्ठ का कहना है कि शव की शिनाख्त होने के बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा। वृद्ध के कपड़ों को देखकर लग रहा है कि वह कि सान था। जिसके चलते पुलिस रंजिश या जमीन विवाद में हत्या होना मान रही है। हत्या शव मिलने से तीन-चार घंटे पहले की गई होगी।