सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करते आ रहे गैंग के सरगना को रविवार शाम साइबर सेल और मवाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। क्राइम डॉ. बीपी अशोक ने बताया कि राजकिशोर प्रसाद सिन्हा ने साल 1985 में उच्च विद्यालय महाराजगंज से स्काउट गाइड की ट्रेनिंग करने के बाद ऑल इंडिया ब्वॉयज स्काउट को ज्वाइन किया।
साल 1999 में आरोपी ने युवकों को अच्छे पदों पर सरकारी नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। संस्था से युवकों को जोड़ा। अपने को संस्थान में नेशनल कमिश्नर ऑफ इंडिया के पद पर बताया। संस्था में डायरेक्टर चीफ, एक्जीक्यूटिव ऑफिसर बताकर बेरोजगार युवकों से ठगी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो हजार युवकों से रजिस्ट्रेशन चार्ज, ट्रेनिंग चार्ज, ड्रेस फीस व अन्य चार्ज लेकर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फर्जी तरह से ट्रेनिंग भी दिला देता था। एक माह की ट्रेनिंग पूरी होने से पहले ही युवकों से पांच से आठ लाख रुपये भी ठग लेता था।
उच्चशिक्षा प्राप्त, करोड़पति ठग
एसपी क्राइम के अनुसार करीब 51 वर्षीय राजकिशोर के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति बताई गई है। जिसके बैंक खातों की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आया है कि वह मगध यूनिवर्सिटी से एमकॉम की पढ़ाई कर चुका है। धोखाधड़ी के मामले में तीन बार पटना से जेल जा चुका है। आरोपी ने मोहम्मद फहाद को संस्था में ओएसडी का पद दे रखा है, जिसने नोएडा और दिल्ली में ऑफिस खोल रखे हैं।