फलावदा शराब ठेके के दो सेल्समैनों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गांव खेड़ी मनिहार के पास बदमाशों ने एक लाख पांच हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने सेल्समैनों की बाइक में टक्कर मारकर पहले उन्हें गिराया, फिर आंखों में मिर्च पाउडर डाला। विरोध करने पर सेल्समैनों को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी देहात ने घटनास्थल का मुआयना किया और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की।
गांव फलावदा निवासी नरेश पुत्र दयाराम ने बताया कि वह और उसका साथी ब्रजवीर पुत्र हेम सिंह निवासी भंडौरा थाना बहसूमा, फलावदा स्थित शराब के तीन ठेकों से पैसा एकत्र कर बाइक से बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:30 बजे मवाना के लिए चले थे। जैसे ही दोनों बाईपास चौराहे से खेड़ी मनिहार गांव की ओर चले तो दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। तुरंत ही बदमाशों ने उन पर तमंचे तान दिए। एक बदमाश ने दोनों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद नरेश की जेब में रखे एक लाख पांच हजार रुपये छीन लिए। ब्रजवीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान वहां से एक मारुति कार सवार गुजरा। उसने कार रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उस पर भी तमंचा तान दिया, जिसके बाद वह वहां से चला गया।
घटना के बाद बदमाश फलावदा की ओर फरार हो गए। उन्होंने तुरंत ही मैनेजर अनिल शर्मा को फोन से सूचना दी। अनिल की सूचना पर एसपी देहात मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। ब्रजवीर की ओर से थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी सुरेंद्र भाटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बदमाशों को थी सटीक जानकारी
लूट की घटना में शराब ठेके से जुडे़ व्यक्ति के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। सेल्समैनों का कहना है कि रूटीन में पैसा जमा नहीं होता था। दो या तीन दिन बाद ठेकों से पैसा इकट्ठा किया जाता था। यह भी निश्चित नहीं था कि पैसा बाइक से जाएगा या गाड़ी से। बृहस्पतिवार को सेल्समैन पैसा लेकर मवाना के लिए चले तो किसी ने ठेके से ही बदमाशों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पूरी प्लानिंग से घटना को अंजाम दिया गया।