बिटिया के कोर्ट पहुंचते ही मेडिकल पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के न्यायालय में बयान के बाद कई और युवक भी नामजद हो सकते हैं।
ड्रग्स देकर नाबालिग लड़कियों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले मामले को पुलिस दबाना चाहती है। लेकिन रविवार को पीड़ित छात्रा के थाने में दर्ज कराए बयान के बाद पुलिस हरकत में आ गई। बयानों में पीड़ित छात्रा ने आरोपियों की कई करतूत उजागर की थीं। वहीं, सोमवार को भी कोर्ट में छात्रा आपबीती सुना देगी, इसका अहसास पुलिस अफसरों को हो चुका था।
बिटिया को विवेचक और एक महिला कांस्टेबिल लेकर कोर्ट पहुंची तो दूसरी तरफ मेडिकल पुलिस ने नामजद आरोपी शशांक प्रधान और शुभम प्रधान निवासी एल ब्लॉक शास्त्रीनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई अहम जानकारी दी हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करने में जुटी है।
मुख्य आरोपी अभी फरार
बिटिया के मुताबिक इस मामले में मुख्य आरोपी सिद्धार्थ गुर्जर है। जिसने दोस्ती करके उसकी जिंदगी से खिलवाड़ किया है। इस मामले में पुलिस एक आरोपी अरीब को जेल भेज चुकी है। जबकि मुख्य आरोपी सिद्धार्थ गुर्जर और साकिब निवासी किठौर अभी फरार है। पुलिस ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश जारी हैं।