इंचौली गांव में एचटी लाइन के तार चोरी करने के दौरान करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। युवक का शव ईख के खेत में मिला। शव के पास से प्लास, टॉर्च और एक कट्टे में विद्युत तार रखा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार सुबह गांव के लोग खेतों पर काम कर रहे थे। गांव निवासी हामिद की ट्यूबवेल के पास ईख के खेत में उन्होंने एक युवक का शव पड़ा देखा। उसके हाथ में विद्युत तार लिपटा था। इसकी जानकारी गांव में और इंचौली पुलिस को दी गई। शव शिनाख्त गांव निवासी आसमोहम्म्द के पुत्र शाहनवाज उर्फ सानू के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक युवक के दाएं हाथ में टॉर्च थी। जबकि बाएं हाथ में बिजली का तार लिपटा था और वह बुरी तरह झुलसा हुआ था। जबकि शव के पास एक प्लास और एक कट्टे में विद्युत तार रखे हुए थे। तारों में करंट होने के संशय पर बिजली घर को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे जेई रामसरन ने बताया कि मवाना से जागृति विहार के लिए एचटी लाइन जा रही है। जर्जर तारों के कारण लाइन काफी समय से बंद है।
उसी के नीचे एलटी लाइन गुजर रही है। पुलिस का मानना है कि शाहनवाज ने एचटी लाइन के तार काटे तो वह एलटी लाइन के तारों से छू गए। उसके करंट से उसकी मौत हो गई। उधर, बिजलीघर व परिजनों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई। जबकि खेत मालिक की ओर से इंचौली थाने में तहरीर दी गई है।