दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मेरठ निवासी पिस्टल सौदागर को दबोचा है। इसके कब्जे से 50 पिस्टल और 100 मैगजीन बरामद हुई हैं। जो अवैध हथियारों को धनबाद, झारखंड से लाकर दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सप्लाई करता था। उसने कार में हथियारों को छिपाने के लिए विशेष जगह बना रखी थी। 18 महीनों में करीब 400 अवैध हथियारों की सप्लाई कर चुका है।
स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार के मुताबिक बिहार, झारखंड से भारी मात्रा में अवैध हथियारों की दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई होने की सूचना मिली थी। जिस पर एसीपी अखिलेश्वर यादव के नेतृत्व में बनी टीम ने मंगलवार को काले खां बस अड्डे के पास गांव खेड़ा बलराम, परतापुर मेरठ निवासी सविंदर कुमार उर्फ सवी (33) को अवैध हथियारों से लदी शेवरले कार समेत दबोच लिया।
कार से निकला जखीरा
गिरफ्तारी के दौरान सविंदर ने पुलिस को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की उसके पास एक ही पिस्टल है। पुलिस ने जब उसकी कार की तलाशी तो कार में बना रखी विशेष जगह में 49 पिस्टल, 100 मैगजीन मिलीं।
झटके में करोड़पति बनने की हसरत
सविंदर ने बताया कि एक झटके में करोड़पति बनने की हसरत में वह अवैध हथियारों की सप्लाई करने लगा था। उसने करीब एक वर्ष पहले मेरठ में अवैध हथियार बनाने वाले लोगों की सहायता से अपने घर में फैक्ट्री लगाई थी। कच्चा माल वह धनबाद, झारखंड से लाता था। अवैध हथियार उसने परतापुर इलाके के गांवों में नवयुवकों को सप्लाई किए। कई अपराधियों से सविंदर को संबंध थे। भाई के साथ हत्या के प्रयास के एक मामले में थाना परतापुर पुलिस उसे गिरफ्तार कर चुकी है।
क्राइम में लिप्त सविंदर की फैमिली
एसओ परतापुर राकेश यादव ने बताया कि अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया सविंदर की फैमिली क्राइम में पूर्व से लिप्त है। सविंदर का भाई योगेंद्र पूर्व प्रधान बताया गया। उसके परिवार के दो लोगों का नाम परतापुर स्थित पराग डेयरी में 41 लाख रुपये की लूट में आया था। जिन्हें पुलिस ने जेल भेजा था।