सीआरपीएफ में तैनात दरोगा की बेटी की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए विवाहिता के ससुराल वालों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने परिजनों को बमुश्किल शांत करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार डौरली गांव निवासी मुकेश सीआरपीएफ में दरोगा के पद पर दिल्ली में तैनात हैं। उनकी बेटी डोली (20) ने गांव के ही शैलेंद्र से विगत 20 मार्च को प्रेम-विवाह किया था। हालांकि दोनों के परिजन इस शादी से नाखुश थे। दंपति में आए दिन किसी ना किसी विवाद को लेकर मनमुटाव होने लगा।
प्रेम विवाह को लेकर दोनों के परिवार वालों में काफी तल्खी आ गई थी। बताया गया कि शनिवार देर रात विवाहिता को संदिग्ध हालत में जहर खाने पर मोदीपुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने भी जवाब दे दिया था। रविवार रात करीब 8:30 बजे विवाहिता ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही आनन-फानन में पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। साथ ही घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। उस समय घर पर शैलेंद्र उसकी मां श्यामो और पिता तेजराम मौजूद थे। विवाहिता के परिजनों ने उनके साथ भी मारपीट की।
पड़ोसियों की सूचना पर एसओ पल्लवपुरम सतेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेना चाहा तो परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। एसओ ने किसी तरह समझा बुझाकर परिजनों को शांत किया। एसओ ने बताया कि पति शैलेंद्र ओर उसकी मां श्यामो को हिरासत में लिया गया है। विवाहिता के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप
पिता मुकेश का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग डोली को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। जिसके चलते आए दिन शैलेंद्र उसके साथ मारपीट करता था। शनिवार को ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरन उसे जहरीला पदार्थ देकर हत्या की है। शैलेंद्र के साथ में उसके परिवार के सदस्य भी शामिल है।
वहीं, ससुराल वालों का आरोप है कि डोली ने अपनी मर्जी से शैलेंद्र के साथ कोर्ट मैरिज की थी। जिसके चलते परिजनों ने डोली को बेदखल कर दिया था। कई दिन पूर्व डोली ने अपने पिता मुकेश से फोन पर बात करके मिलने की इच्छा जाहिर की थी। लेकिन मुकेश ने मिलने से साफ इंकार कर दिया था। जिसके चलते डोली ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। उधर, डोली के रिश्तेदार एससीएसटी आयोग के सदस्य मुकेश सिद्धार्थ का कहना है कि इस संबंध में पुलिस अफसरों से वार्ता कर कार्रवाई कराई जाएगी।