बिजनौर के नांगलसोती थाना क्षेत्र में दंपती के साथ लूट के मामले में पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने कई जगह ताबड़तोड़ दबिश देकर 15 बदमाशों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पीड़ित महिला को पुलिस लाइन बिजनौर लेकर आई व घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कराई। पर महिला ने किसी बदमाश को नहीं पहचाना। पुलिस ने कई और बदमाशों को दबोचने के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है।
नांगल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दंपती बुधवार रात एक रिश्तेदारी से नजीबाबाद क्षेत्र से बाइक से लौट रहे थे। मंडावली व नांगल के बीच गांव जलालपुर भट्टे के पास बाइक सवार बदमाशों ने दंपती को रोक लिया। तमंचे के बल पर उन्हें बंधक बनाकर गन्ने के खेत में ले गए। हथियारों से डरा धमकाकर बदमाशों ने युवक की पैंट निकलवा ली और उससे उसके हाथ बांध दिए। महिला के हाथ भी उसकी साड़ी से हाथ बांध दिए और कानों के कुंडल व उसके पति से 300 रुपए लूट लिए। किसी तरह युवक के हाथ खुल गए और वह भाग निकला। महिला भी सड़क पर पहुंची और राहगीरों से मदद मांगी। किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के हाथ खोलकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगा। इलाके में चर्चा रही कि बदमाशों ने महिला को निर्वस्त्र कर दिया। लेकिन महिला और पुलिस अफसरों ने निर्वस्त्र करने की बात को गलत बताया।
पुलिस ने इस घटना में शामिल बदमाशों को पकड़ने के लिए कई जगह ताबड़तोड़ दबिश दी। 15 बदमाशों को उठाकर पुलिस लाइन में लाया गया। शुक्रवार को नांगल थाने की पुलिस पीड़ित महिला को लेकर बिजनौर पुलिस लाइन पहुंची और बदमाशों की पहचान कराई। महिला ने किसी बदमाश को नहीं पहचाना। पुलिस ने महिला से बदमाशों का हुलिया मालूम किया। महिला ने बदमाशों के हुलिए व उनकी बोलचाल के तरीके के बारे में पुलिस को सब कुछ बता दिया।
सीओ नजीबाबाद महेश कुमार के मुताबिक घटना में शामिल बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीम लगी हैं। कई जगह दबिश दी जा रही है। कई बदमाशों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जल्दी ही इस घटना का खुलासा हो जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/