डकैती के बाद मौके पर पहुंची जांच करती।
- फोटो : अमर उजाला
तीन सशस्त्र बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात रेलवे रोड स्थित डॉक्टर दंपति के घर में घुसकर गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर लाखों की लूट कर ली। चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉक्टर डीपी गुप्ता ने बताया कि रात करीब नौ बजे वह और उनकी पत्नी महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुणा गुप्ता घर पर अकेले थे। मकान का दरवाजा खुला था। तीन बदमाश घर में घुस आए। एक पर चाकू और दो पर तमंचे थे।
एक बदमाश नकाबपोश था। बदमाशों ने मेन गेट बंद कर उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया। और अपने साथ लाई टेप से उनका मुंह बंद कर दिया। हाथ बांधकर दूसरे कमरे में बैठा दिया। एक बदमाश उन्हें गन प्वाइंट पर लिए रहा। बाकी दो बदमाशों ने घर की सभी अलमारियां और बेड की तलाशी ली।
डॉ. गुप्ता के अनुसार बदमाशों ने अलमारी में रखे ढाई लाख रुपये और चांदी की ज्वैलरी कब्जे में ले ली। उनकी पत्नी से सोने की अंगूठी, चेन, कंगन और कुंडल भी उतरवा लिए। उन्हें चुप रहने की नसीहत देकर बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए । बाद में दंपति किसी तरह बंधन मुक्त हुआ। डॉ. गुप्ता ने खुद रेलवे रोड थाने पहुंचकर वारदात की सूचना दी तो हड़कंप मच गया। पुलिस डॉक्टर को लेकर उनके आवास पहुंची और जांच पड़ताल की। बदमाश किस वाहन से आए थे, इसका पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर रेलवे रोड जेएस पुंडीर के अनुसार डॉक्टर दंपति का किराएदार से भी पाइप लाइन डलवाने को लेकर विवाद चलने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।