धर्मगुरु की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे फेसबुक पर अपलोड करने वाले दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सबूत एकत्र कर उक्त दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव सादेवाला के भजनलाल ने बताया कि 12 जून को वह अपने फेसबुक अकाउंट को चेक रहा था कि उसने देखा कि फेसबुक पर गांव बीड़बीबरान व बुढ़ीमेड़ी का एक व्यक्ति जो संतनगर में एक निजी स्कूल चलाता है। उसने गुरुजी की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे फेसबुक पर पोस्ट किया था एवं उनके बारे में गलत टिप्पणी की गई थी।
इस प्रकार की पोस्ट डालने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। नाराज अनुयायियों ने बैठक की और सभी मिलकर रानियां थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस में उक्त लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर थाना प्रभारी दलीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है और सबूत एकत्र कर उक्त दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।