मुकीम गैंग के बदमाश हनीस उर्फ हसीन उर्फ भूरा को पकड़ने में पुलिस को पसीने छूटने लगे है। पुलिस का दावा है कि कुख्यात शहर छोड़कर भाग गया है। हालांकि पुलिस की एक टीम लिसाड़ीगेट व दो टीमें सहारनपुर और मुजफ्फरनगर रवाना हो गई है। पुलिस की सर्विलांस टीम और मुखबिर तंत्र भी सक्रिय हो गया है।
नवीन गल्ला मंडी में विगत बुधवार लूट के बाद व्यापारी पवन गोयल की हत्या के मामले में पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। शुक्रवार को पुलिस ने बताया था कि पवन गोयल की हत्या में मुकीम गैंग का बदमाश हसीन है। जो लिसाड़ी गेट में रहकर गिरोह चला रहा है। हसीन की पहचान होने पर पुलिस उसकी तलाश में लग गई। लेकिन उसका सुराग अभी नहीं लगा।
पुलिस की एक टीम ने शनिवार को लिसाड़ीगेट में उसकी तलाश में कई जगहों पर छापामारी की। पुलिस का कहना है कि हसीन पिछले काफी दिनों से शहर में लूट की वारदात को अंजाम दे रहा था। व्यापारी की हत्या होने के बाद हसीन का रिकॉर्ड खंगाला गया तो कई मामले सामने आए।
हसीन का साथी हत्थे चढ़ा
शुक्रवार देर रात कुख्यात हसीन का एक साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उक्त युवक से पूछताछ की तो उसने नवीन गल्ला मंडी की वारदात में शामिल न होना बताया। कहा कि हसीन ने कुछ दिनों से अपने कुछ साथियों में बदलाव किया था। अभी पुलिस को केवल हसीन का नाम ही पता चला है।
शहर छोड़कर भागा हसीन
पुलिस का दावा है कि व्यापारी पवन की हत्या करने के बाद कुख्यात हसीन मेरठ शहर छोड़कर भाग गया है। उसके साथी ने बताया कि हसीन सहारनपुर या मुजफ्फरनगर भाग सकता है। उसको देखते ही पुलिस की एक टीम सहारनपुर और दूसरी मुजफ्फरनगर रवाना हुई है। हालांकि पुलिस का मानना है कि हसीन अभी लिसाड़ी गेट में ही दुबका है।