लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर में ट्यूशन पढ़कर लौट रही कक्षा 9वीं की छात्रा का स्कूटी सवार दो युवकों ने अपहरण करने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर लोग दौड़े तो आरोपी भाग गए। छात्रा के पिता ने एक नामजद समेत दो के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना को मारपीट का बता रही है।
श्याम नगर निवासी व्यक्ति का आरोप है कि उसकी 14 वर्षीय बेटी नवीं कक्षा की छात्रा है। सोमवार की दोपहर वह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। रास्ते में सफेद रंग की स्कूटी सवार दो युवकों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। छात्रा श्याम नगर की गली नंबर तीन के सामने पहुंची तो स्कूटी सवार युवकों ने छात्रा का अपहरण करने का प्रयास किया।
छात्रा के शोर मचाने पर लोग दौडे़ तो आरोपी भाग गए। छात्रा ने घर जाकर यह जानकारी परिजनों को दी। स्कूटी सवार एक युवक का नाम परिजनों को पता चल गया है। छात्रा के पिता ने लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी एक युवक को नामजद करते हुए पिलोखड़ी चौकी पर दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ लिसाड़ी गेट का कहना है कि छात्रा के अपहरण जैसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। हो सकता है कि मामला मारपीट का हो। थाने पर अभी तहरीर नहीं आई है।